#Social

दो साल के बेटे के साथ मां ने सुसाइड किया, जांच में जुटी पुलिस


Guna. गुना। गुना में एक महिला ने दो साल के बेटे की हत्या करने बाद सुसाइड कर लिया। उसने पहले बेटे को फांसी से लटकाया। फिर खुद फंदे से झूल गई। परिजन का आरोप है कि ससुराल वालों ने बेटी की हत्या की है। मामला राघौगढ़ के रामपुरा का है। जानकारी के मुताबिक, 24 साल की शिवानी की शादी रामेश्वर लोधा से हुई थी। उनका दो साल का बेटा शिवाय था। रामेश्वर शराब पीने का आदी था और नशे में पत्नी से आए दिन मारपीट करता था। मंगलवार रात भी पति-पत्नी में विवाद हुआ। इसके बाद शिवानी अपने कमरे में चली गई और बेटे के साथ फांसी लगा ली। रात करीब 10 बजे ससुराल वालों ने कमरे में देखा तो मां-बेटे फंदे से लटके मिले। उनका कहना है कि शिवानी का शरीर हल्का गर्म था, इसलिए तुरंत जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया।
शिवानी के पिता बुंदेल सिंह लोधा ने बताया, तीन साल पहले बेटी की शादी रामपुरिया के रहने वाले रामेश्वर लोधा से की थी। रामेश्वर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता था। दो दिन पहले भी दामाद ने बेटी से मारपीट की थी। तब उसने पुलिस बुलाई थी। पुलिस ने भी दामाद को समझाया था। मंगलवार को भी बेटी का कॉल आया। उसने बताया था कि पति मारपीट कर रहा है। तब मैंने आने के लिए कहा तो बेटी ने मना कर दिया। पिता ने कहा, बेटी के साथ इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन ससुराल वालों ने बताया तक नहीं। वे बेटी को सीधे लेकर गुना अस्पताल ले गए, जबकि पहले राघौगढ़ अस्पताल ले जाना था। हमने जब बात की तो बताया कि गुना में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हम वहां पहुंचे, तो निजी अस्पताल में कोई नहीं मिला। फिर पता चला कि सरकारी अस्पताल ले गए हैं। पिता का कहना है कि फांसी लगाती तो गले पर निशान होते। उसके सिर पर भी चोट के निशान हैं। बेटी की हत्या की है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button