#Social

पांगी बनेगा हिमाचल का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल


Killad. किलाड़। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को जनजातीय उपमंडल पांगी के दौरे के दौरान घाटी के लोगों की झोली सौगातों से भर दी। उन्होंने जनजातीय उपमंडल पांगी को हिमाचल का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल बनाने की घोषणा की। इसके लिए मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ रुपए के रिवॉल्विंग फंड प्रदान करने की भी घोषणा की। उन्होंने साथ प्राकृतिक रूप से उगाए गए जौ के लिए 60 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करने और पांगी में 10 हजार लीटर क्षमता वाला दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पांगी घाटी में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए 62 करोड़ रुपए की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। तांदी और शौर तक 11 केवी लाइन पर पांच करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने थिरोट से किलाड़ तक 33 केवी लाइन बिछाने के लिए 45.50 करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने साच को उपतहसील का दर्जा देने और महिला मंडल भवनों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का

आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ करने के लिए 20 नए बस परमिट जारी करने के साथ ही बसों की खरीद पर 40 प्रतिशत उपदान देने के अलावा चार माह के रोड टैक्स में छूट प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने पांगी में एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल और किलाड़ के नागरिक अस्पताल को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने होम-स्टे पंजीकरण शुल्क पर 50 प्रतिशत छूट देने तथा घाटी में संपर्क मार्गों के सुधार के लिए 1.5 करोड़ रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर व नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, रितेश कपरेट, ललित ठाकुर, यशवंत खन्ना, सुरजीत भरमौरी, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, ओंकार चंद शर्मा, राजेश शर्मा, डीजीपी डा. अतुल वर्मा, उपायक्त मुकेश रेप्सवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव आदि वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button