#Social

एक छात्र की मौत 20 घायल, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे छात्रों की वैन हादसे का शिकार


भुवनेश्वर: ओडिशा के कटक जिले में रविवार को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे छात्रों की वैन पलटने से एक छात्र की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए. यह हादसा अंशुपा झील के पास हुआ है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि मालविहारापुर हाई स्कूल के छात्र अपने स्कूल में ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सरंडा परेड ग्राउंड जा रहे थे. वैन में करीब 25 छात्र सवार थे.
मृतक छात्र की पहचान सौम्य रंजन बेहेरा के रूप में हुई है. वहीं घायलों को पहले अथागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्र को मृत घोषित कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल छात्रों को बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर किया गया. कटक ग्रामीण एसपी प्रतीक सिंह ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जिला कलेक्टर दत्तात्रय भाऊसाहेब शिंदे ने बताया कि इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जिला शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राउत ने स्कूल के हेडमास्टर को छात्रों को पिकअप वैन में भेजने के फैसले को गलत ठहराया है.
स्कूल और जन शिक्षा विभाग की सचिव शालिनी पंडित ने अस्पताल में घायलों का हालचाल लिया और इस मामले में कलेक्टर स्तर की जांच का आदेश दिया. विभाग ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है.
वहीं विभाग ने मृतक छात्र के परिवार को 2 लाख रुपये और घायल छात्रों को 30,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. वहीं राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 3 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button