भालू ने ग्रामीण को किया

गरियाबंद। CG News : जिले के जंगल क्षेत्र में एक खतरनाक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह महुआ संग्रहण करने गए एक ग्रामीण पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद वनमंडल के परसुली परिक्षेत्र अंतर्गत कोचई मुड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय पुराणिक (पिता सूघो राम यादव) सुबह करीब 6 बजे अपनी पत्नी के साथ घर के पास जंगल में महुआ बीनने गया था। उसकी पत्नी थोड़ी दूरी पर महुआ इकट्ठा कर रही थी, तभी अचानक भालू ने पुराणिक पर हमला कर दिया।

हमले में भालू ने उसके सिर, चेहरे, हाथ और कंधे को बुरी तरह नोच दिया। दर्द से कराहते हुए पुराणिक की चीख सुनकर उसकी पत्नी मौके पर दौड़ी, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पुराणिक को ग्रामीणों की मदद से निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
जंगल क्षेत्र में बढ़ा खतरा
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग से भी सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग उठ रही है।
Source link




