#Social
लावारिस एक्टिवा बनी रहवासियों की चिंता का कारण, चोरी या अनहोनी की आशंका

Raipur. रायपुर। शहर के लाखे नगर स्थित टिल्लू होटल की गली में विगत 8 से 10 दिनों से एक सीजी 04LQ 2708 नंबर की एक्टिवा लावारिस हालत में खड़ी है, जो स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। रोजाना वहां से गुजरने वाले लोग इस स्थिति को देख रहे हैं, लेकिन अभी तक वाहन के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय रहवासियों ने आशंका जताई है कि यह वाहन चोरी के बाद पकड़े जाने के डर से वहां छोड़ा गया हो सकता है या फिर इसके पीछे किसी अनहोनी की घटना हो सकती है।
गली में इस संदिग्ध वाहन की उपस्थिति को लेकर कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं। जानकारी के अनुसार, उक्त एक्टिवा पर नो हेलमेट का 500 रुपये का चालान पहले ही कट चुका है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वाहन पूर्व में ट्रैफिक नियम उल्लंघन में शामिल रहा है। हालांकि पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई है या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस मामले की त्वरित जांच करे और लावारिस वाहन को हटाकर गली में फैली आशंकाओं को दूर करे।




