धान खरीदी से पहले गरियाबंद में ऑपरेटरों का बड़ा ऐलान,

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटरों की स्थिति अब बर्दाश्त के बाहर हो गई है। 8 लंबे महीनों से वेतन नहीं मिला, और ऊपर से सहायक आयुक्त सहकारिता के आदेश (क्रमांक 688, दिनांक 07 नवंबर 2026) ने उन्हें उनके मूल कार्यस्थल से हटाकर 80 से 160 किलोमीटर दूर दूसरे ब्लॉक के उपार्जन केंद्रों में भेजने का फरमान जारी कर दिया है।

छ.ग. समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने कहा कि अल्प वेतन पर काम करने वाले ये कर्मचारी पहले से ही आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। महिला ऑपरेटरों के पास छोटे-छोटे बच्चे हैं, कई कर्मचारियों की स्वास्थ्य समस्याएं हैं, फिर भी प्रशासन ने उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। 8 महीने से वेतन न मिलने के बाद भी उन्हें इतनी दूर भेजना क्रूरता के अलावा कुछ नहीं है।

– Advertisement –

Ad image

संघ ने साफ कहा है कि यह आदेश अव्यावहारिक, अमानवीय और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है। इसलिए 13 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को गरियाबंद के तिरंगा चौक पर एक दिवसीय चक्काजाम और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद तिरंगा चौक से कलेक्ट्रेट तक विरोध रैली निकाली जाएगी। परिवार और छोटे बच्चों को भी साथ लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।

संघ ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि:
• आदेश पर तुरंत रोक लगाई जाए
• ऑपरेटरों को उनके मूल कार्यस्थल पर ही बहाल रखा जाए
• 8 महीने से लंबित वेतन का तुरंत भुगतान हो
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा तथा आपातकालीन सेवाओं को कोई बाधा नहीं पहुंचाई जाएगी। उनकी एकमात्र मांग है – कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा।
धान खरीदी का पूरा सिस्टम इन्हीं ऑपरेटरों के कंधों पर चलता है, लेकिन जब इनके वेतन और परिवार की बात आती है तो प्रशासन के पास इस सवाल का जवाब नहीं रहता, 13 नवंबर को गरियाबंद में ये आवाजें कितनी तेज गूंजेंगी, यह देखने वाली बात होगी।

– Advertisement –

Ad image


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button