जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान एवं कौशल प्रदर्शनी

विद्यार्थियों के नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा ने अतिथियों एवं अभिभावकों को किया अभिभूत, विकसित भारत 2047 की दिखी झलक

तिल्दा-नेवरा। जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल, तिल्दा में विज्ञान एवं कौशल प्रदर्शनी तथा फन फेयर ‘ANANT 2026 – Infinite Ideas, Endless Possibilities’ का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गणित, भाषा, साहित्य, स्वास्थ्य, कृषि, कला एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। संपूर्ण आयोजन में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना और भविष्य के भारत की तस्वीर देखने को मिली।

– Advertisement –

Ad image

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें रिवर क्लीनिंग रोबोट, कार्बन एब्जॉर्बर, महिला सुरक्षा वर्किंग मॉडल, बाढ़ प्रतिरोधी सड़क निर्माण, स्मार्ट वाटर एनर्जी रिकवरी मॉडल, मैग्नेटिक लेविटेटिंग ट्रेन, सोलर ट्रैकिंग पावर सिस्टम, स्मार्ट पॉल्यूशन डिटेक्शन, स्मार्ट हार्टबीट डिटेक्टर, हाइड्रोलिक ब्रिज, स्मार्ट कम्पोस्टिंग बिन एवं वाटर फिल्ट्रेशन सिस्टम जैसे अभिनव प्रोजेक्ट शामिल थे।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने 3D होलोग्राम, होलोग्राम हैंड जेस्चर, लाइट ट्रैकिंग रोबोट, ऑटोनॉमस फ्लोटिंग ऑब्जेक्ट, ग्रेविटी पावर्ड कार, स्मार्ट टैक्स कैलकुलेटर, बिजनेस डिसीजन सिम्युलेटर, जीएसटी डिपिक्टर एवं स्मार्ट वेयरहाउसिंग जैसे उन्नत प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अपनी समझ और कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

– Advertisement –

Ad image

विविध गतिविधियों ने प्रदर्शनी को बनाया खास

विद्यार्थियों की रुचि और रचनात्मकता को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी को विभिन्न थीम एवं गतिविधियों में विभाजित किया गया था। इनमें गणित एवं भाषा के रोचक प्रयोग, हरित कृषि नवाचार, कृषि उपकरण एवं उन्नत बीज, एटीएल ड्रोन एवं रोबोटिक्स, जॉयस्टिक कॉर्नर, आरोग्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कौन बनेगा करोड़पति, अंतरिक्ष एवं मंगल ग्रह की यात्रा, कौशल मेला, फ्लेवर जंक्शन, आर्टोपिया, बुल्सआई, पुस्तक मेला, विद्यार्थियों की हस्तलिखित पुस्तकें, जादू एवं रोमांच तथा आयुर्वेद एवं हर्बल प्रदर्शनी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

विद्यार्थियों ने अपने मॉडल एवं गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, महिला सुरक्षा, कृषि विकास, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में शिक्षा, विज्ञान, खेल, स्वास्थ्य, संस्कृति, कला, भाषा एवं व्यावहारिक जीवन कौशल को समान महत्व दिया गया, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का संदेश सामने आया।

विद्यार्थियों के आत्मविश्वास ने अतिथियों को किया प्रभावित

आयोजन का विशाल स्वरूप, विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता, उनकी रचनात्मकता, कड़ी मेहनत एवं टीमवर्क देखकर अतिथिगण और अभिभावक भी अभिभूत नजर आए। बच्चों ने जिस आत्मविश्वास एवं सहजता के साथ अपने प्रोजेक्ट और विचार प्रस्तुत किए, वह उनकी निरंतर मेहनत तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम दिखाई दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नोडल अधिकारी आर.के. चंदानी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री राम पंजवानी, श्री ओमप्रकाश अग्रवाल, चेयरमैन श्री उमेश अग्रवाल, पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन, भाजपा नेता श्री सौरभ जैन, वरिष्ठ पत्रकार श्री नरेंद्र शर्मा एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के नवाचार, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं मेहनत की सराहना की।

बच्चों को प्रयोग और नवाचार के अवसर देना जरूरी : प्राचार्या

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ममता ऐरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रचनात्मक, आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। बच्चों का सीखना केवल किताबों तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें प्रयोग करने, प्रश्न पूछने, नई चीजें बनाने और अपनी कल्पनाओं को वास्तविकता में बदलने के अवसर मिलने चाहिए। ‘अनंत 2026’ इसी सोच का परिणाम है।

उन्होंने आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की सराहना की।

कुल मिलाकर ‘अनंत 2026’ केवल एक विज्ञान प्रदर्शनी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के ज्ञान, कल्पनाशीलता, कौशल, आत्मविश्वास और असीम संभावनाओं का उत्सव बनकर सामने आया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले विकसित भारत के नवाचारकर्ता, वैज्ञानिक, उद्यमी और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button