महादेव सट्टा ऐप केस में आधी रात


रायपुर। Mahadev Betting App Case :  महादेव सट्टा ऐप मामले में देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार रात करीब 10:45 बजे रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया। ED ने अदालत से पूछताछ के लिए सात दिनों की रिमांड मांगी है। बताया जा रहा है कि मामले की सुनवाई देर रात तक चल सकती है।

हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लेकर मामले को रफा-दफा कराने का आरोप है। ED इस कथित लेन-देन और जांच को प्रभावित करने की कोशिशों की पड़ताल कर रही है।

मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय पकड़े गए थे वकील

दिल्ली निवासी 43 वर्षीय वकील हिमांशु शेखर को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय रोका गया, जब वह दुबई जाने की तैयारी में थे। रायपुर ED की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर जांच एजेंसी को सौंप दिया था।

हालांकि, गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर अदालत में पेश नहीं किए जाने से जुड़े तकनीकी आधार पर मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने 21 नवंबर को उनकी रिहाई का आदेश दिया था।

बॉम्बे हाईकोर्ट से ED को मिली राहत

मुंबई की अदालत के आदेश को ED ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने ED को हिमांशु शेखर को गिरफ्तार कर सक्षम अदालत यानी रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश करने की अनुमति दे दी। इसके बाद ED की टीम ने उन्हें रायपुर लाकर देर रात अदालत में पेश किया और रिमांड की मांग की।

सौरभ चंद्राकर के बयान से सामने आया 15 करोड़ का कथित लेन-देन

सूत्रों के मुताबिक, ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर लाए गए महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से CBI और ED की पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ ने कथित तौर पर जांच से जुड़े मामलों को मैनेज कराने के लिए हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये देने की बात कही है।

जांच एजेंसी को यह भी संदेह है कि सौरभ चंद्राकर और हिमांशु शेखर के बीच दुबई में कई मुलाकातें हुई थीं। ED अब रिमांड के दौरान कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और जांच को प्रभावित करने की संभावित कोशिशों के संबंध में पूछताछ करना चाहती है।

2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में है सौरभ चंद्राकर

महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को फिलहाल 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर जेल में रखा गया है। उससे पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ED और CBI मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही हैं। जांच का दायरा अब कथित वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंच गया है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button