दीपक टंडन और बरखा टंडन को कोर्ट से झटका, 28

रायपुर। CG Fraud Case : ठगी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में घिरे दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुड़ी दो गाड़ियां भी जब्त की हैं। इनमें बलेनो कार और XUV 700 शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। इस दौरान दोनों से लगातार पूछताछ की गई और मामले से जुड़े कई अहम साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने जांच के आधार पर दोनों की दो गाड़ियां भी जब्त की हैं।

रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस की ओर से रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की गई, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों को बदनाम करने और भ्रामक खबरें प्रसारित कर ब्लैकमेल करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर संबंधित लोगों पर रुपये देने का दबाव बनाया जाता था।
इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
होटल ‘वेलकम श्री’ में पुलिस की छापेमारी
पुलिस रिमांड मिलने के बाद रविवार रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर उसके होटल ‘वेलकम श्री’ पहुंची थी। यहां पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों के साथ अंदर संचालित स्पा सेंटर की भी जांच की।
इस दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस इन सभी सामग्रियों की जांच कर रही है।
होटल के स्पा सेंटर का वीडियो आया सामने
इस बीच दीपक टंडन के होटल में संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दीपक टंडन दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इसी होटल में वह कई लोगों को ठहराता था। आरोप यह भी हैं कि यहां लोगों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए जाते थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
जमीन और गाड़ियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त
कार्रवाई के संबंध में एसीपी रमाकांत साहू ने बताया था कि पुलिस ने होटल वेलकम श्री की पूरी तलाशी ली थी। इस दौरान जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज, डायरी और गाड़ियों के कागजात बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस अब ठगी के मामलों, कथित ब्लैकमेलिंग और आरोपियों की संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
Source link





