#Social
नवादा में एक करोड़ की लागत से सिंचाई योजना का निर्माण पूरा

Nahan. नाहन। सिरमौर जिले की तहसील पांवटा साहिब के ग्राम पंचायत नवादा में कृषि गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रवाह सिंचाई योजना गिरि से खादर का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह योजना हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-दो जीका के तहत कृषि विभाग के सहयोग से निर्मित की गई है। इस योजना के तहत लगभग 50 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ होगा। इस परियोजना के निर्माण पर कुल एक करोड़ रुपए की लागत आई है। प्रवाह सिंचाई योजना के तहत निर्मित कूहल से किसानों को अब फसलों की बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे धान, मक्की, गेहूं और सब्जियों जैसी प्रमुख फसलों की उपज में बढ़ौतरी की उम्मीद है। स्थानीय किसानों ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया है। योजना के कृषक विकास एसोसिएशन नवादा के हस्तांतरण के कार्यक्रम में खंड परियोजना प्रबंधन इकाई नाहन के खंड परियोजना प्रबंधक डा. अभिलाष कुमार, निर्माण अभियंता विवेक सिंह पाल, कनिष्ठ अभियंता ऋषुभ सुपहिया, कृषि विशेषज्ञ हिमानी, कृषि प्रसार अधिकारी रुचि, ग्राम पंचायत प्रधान एवं कृषक विकास समिति नवादा के सदस्यों ने भाग
लिया।
इस अवसर पर खंड परियोजना प्रबंधक ने बताया कि इस योजना से किसानों को फसल विविधिकरण को अपनाने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए प्रेरणा मिलेगी। इसके अलावा किसानों को सिंचाई के साथ-साथ प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी प्रदान की जाएगी। कृषक विकास समिति नवादा को इस योजना के अंतर्गत निर्मित कूहल की देखरेख और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान एवं कृषक विकास समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस योजना से ग्राम पंचायत नवादा के किसानों को धान और गेहूं की बेहतर उपज के साथ-साथ अन्य फसलों के उत्पादन में भी सहायता मिलेगी। इस योजना से किसानों को सिंचाई की आधुनिक सुविधा मिलने से उनकी फसलें प्राकृतिक आपदाओं और सूखे के प्रभाव से सुरक्षित रहेंगी। प्रवाह सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। भविष्य में इस योजना के विस्तार और अन्य कृषि विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए भी रणनीति तैयार की जा रही है।




