#Social

CG: ट्रैक्टर ट्राली से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत


Surguja. सरगुजा। नेशनल हाइवे 43 में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी धान लोड ट्रैक्टर की ट्राली से जा टकराए। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई एवं सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। घटना सीतापुर थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की देर शाम करीब 7.30 बजे नेशनल हाइवे 43 में पत्थलगांव की ओर से अंबिकापुर की ओर आ रहे बाइक सवार की धान लोड ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक एवं युवती उछलकर सड़क पर गिर गए।
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची एवं दोनों घायलों को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक के सीने में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। वहीं युवती को भी हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने युवती को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया है। मृतक युवक की पहचान उदयपुर के ग्राम पेंडरखी निवासी चमन यादव के रूप में की गई है। वह उदयपुर क्षेत्र की एक युवती के साथ पत्थलगांव गया हुआ था। शाम को वापस घर लौटते समय हादसा हुआ। युवक के शव को मर्च्युरी में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। सीतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button