22 मार्च को जनता कर्फ्यू, अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़ सभी को दिनभर घर में ही रहने के निर्देश
देश में कोरोना का खतरा बढ़ रहा है। संक्रमण का आंकड़ा करीब 200 के करीब पहुंच गया है, वहीं मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गयी है। देश के मौजूदा हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संबोधन दिया है। उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वो आने वाले कुछ सप्ताह तक, जब बहुत जरूरी हो तभी अपने घर से बाहर निकलें. जितना संभव हो सके, आप अपना काम, चाहे बिजनेस से जुड़ा हो, ऑफिस से जुड़ा हो, अपने घर से ही करें।
देश के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि इस रविवार, यानि 22 मार्च को, सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक, सभी देशवासियों को, जनता-कर्फ्यू का पालन करना है. साथियों, 22 मार्च को हमारा ये प्रयास, हमारे आत्म-संयम, देशहित में कर्तव्य पालन के संकल्प का एक प्रतीक होगा. 22 मार्च को जनता-कर्फ्यू की सफलता, इसके अनुभव, हमें आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि ये कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिए भारत कितना तैयार है, ये देखने और परखने का भी समय है. आपके इन प्रयासों के बीच, जनता-कर्फ्यू के दिन, 22 मार्च को मैं आपसे एक और सहयोग चाहता हूं. उन्होंने कहा कि 22 मार्च को हमारा ये प्रयास, हमारे आत्म-संयम, देशहित में कर्तव्य पालन के संकल्प का एक प्रतीक होगा. 22 मार्च को जनता-कर्फ्यू की सफलता, इसके अनुभव, हमें आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे.




