मथुरा में कल से BJP की बड़ी बैठक…

मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा सोमवार, 16 नवंबर से मथुरा में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक करेगी। परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ अनुसंधान केंद्र में होने वाली बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की सक्रियता और मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा होगी। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, यहां तय कार्ययोजना आगामी चुनाव तक संगठन के कामकाज का आधार बनेगी।
बैठक के लिए लगभग 38 से 40 सदस्यों की कोर टीम बनाई गई है। इसमें प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और विभिन्न संगठनात्मक क्षेत्रों के पदाधिकारी शामिल हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश उपाध्यक्षों और चुनाव प्रबंधन से जुड़े नेताओं की भागीदारी भी प्रस्तावित है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े समेत वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी बैठक में भाग ले सकते हैं। नितिन नबीन 17 नवंबर को शामिल होंगे।
चतुर्वेदी के मुताबिक, चर्चा का प्रमुख विषय बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका और शक्ति केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को दोबारा सक्रिय करने के उपायों पर भी विचार होगा। पार्टी का उद्देश्य ऐसा संगठनात्मक ढांचा तैयार करना है, जिसके जरिए मतदाताओं से सीधा और नियमित संवाद स्थापित किया जा सके। इसके लिए स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। बैठक में आगामी चुनावों से जुड़े मुद्दों तथा तैयारियों की स्थिति का आकलन भी होगा।
नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति भी एजेंडे में शामिल है। पार्टी नेतृत्व इन वर्गों से संपर्क मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के तरीकों पर विचार करेगा। जिला मीडिया प्रभारी ने मथुरा के चयन के राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, भगवान कृष्ण से जुड़े ब्रज क्षेत्र में पार्टी अपनी वैचारिक और संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करना चाहती है। सोमवार और मंगलवार को होने वाली इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी प्रस्तावित है। दो दिनों की चर्चा के जरिए चुनावी तैयारियों को दिशा देने और बूथ स्तर तक कार्ययोजना पहुंचाने पर जोर रहेगा।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button