12 साल की मासूम की हत्या का खुलासा, जीजा निकला कातिल, 24 घंटे में गिरफ्तार
महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने डहुआ गांव के बाहर खेत में किशोरी का शव मिलने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान तलवा मरांडी की 12 वर्षीय बेटी सोना मुनी मरांडी उर्फ नीतू मरांडी के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा एसपी ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर धान के खेत से किशोरी का कटा हुआ सिर बरामद किया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस को मृतका के बहनोई मनोज मुर्मू पर संदेह हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी का मृतका की मंझली बहन सोजा मरांडी से पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने 4 नवंबर की देर रात किशोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दबिया, साइकिल, मोबाइल फोन और कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link




