त्योहारों पर बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़

रायपुर। RAIPUR NEWS : त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वहीं ड्रोन कैमरों के जरिए बाजारों की निगरानी रखी जा रही है। नो-पार्किंग जोन और सड़क पर बाधा बन रहे वाहनों के खिलाफ ई-चालान के साथ क्रेन से जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है। अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन से हटाया जा चुका है।
प्रमुख बाजारों में पुलिस की सघन पेट्रोलिंग

त्योहारी खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सदर बाजार, मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव सहित शहर के व्यस्ततम इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। इन क्षेत्रों में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो।
ड्रोन कैमरों से हो रही निगरानी
यातायात प्रबंधन के साथ सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों की मदद ले रही है। इनके माध्यम से प्रमुख बाजार क्षेत्रों की एरियल निगरानी की जा रही है, जिससे भीड़भाड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा सके।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर ई-चालान काटे जा रहे हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर क्रेन से वाहनों को जब्त कर हटाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, अब तक 100 से अधिक वाहनों पर क्रेन की कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर बनी सफेद पट्टी (व्हाइट लाइन) के भीतर ही पार्किंग करें और नो-पार्किंग जोन या संकरे रास्तों पर वाहन खड़ा करने से बचें।
पुलिस ने लोगों से त्योहारी सीजन में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करने की अपील की है।
Source link



