घर के अंदर जोरदार धमाका, महिला की मौत, फ्रिज के उखड़े दरवाजे
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हथगाम कस्बे में धमाके की सूचना यूपी-112 पर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि मकान वसीम नामक व्यक्ति का है, जो अपनी पत्नी नसरीन, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता है।
पुलिस के अनुसार, धमाके का प्रभाव मकान की छत पर बने बाथरूम और आसपास के हिस्से में दिखाई दिया। बाथरूम के नीचे रखा फ्रिज बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला और उसका दरवाजा भी उखड़ गया था। पुलिस फ्रिज के कंप्रेसर और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि मकान मालिक वसीम के पास आतिशबाजी निर्माण और बिक्री का लाइसेंस है। हालांकि लाइसेंसशुदा कारखाना मकान से लगभग 500 मीटर दूर स्थित है। पुलिस ने अभी विस्फोट का संबंध आतिशबाजी से होने की पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों से बातचीत की। फॉरेंसिक और अग्निशमन टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, आसपास के मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना में कोई अन्य व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link




