पाकिस्तानी सेना के कैंप में जोरदार धमाका, दर्जनों सुरक्षाकर्मी मारे गए

क्वेटा: स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को बताया कि बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में एक मुख्य सैन्य शिविर से विस्फोटकों से भरा ट्रक टकरा जाने के बाद पाकिस्तानी सेना के दर्जनों जवानों के मारे जाने की खबर है। यह घटना मस्तुंग के कनक इलाके में हुई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सेना के कैंप में ट्रक घुसा दिया। इससे एक जोरदार धमाका हुआ और कैंप को भारी नुकसान पहुंचा। ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस धमाके में दर्जनों सैनिक मारे गए हैं, जिनमें कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आस-पास के घरों की खिड़कियां टूट गईं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। वहीं, सैन्य अधिकारियों ने हताहतों की संख्या या हमले के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यह ताजा घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में बलूचिस्तान में बलूच विद्रोही समूहों द्वारा पाकिस्तानी सेना और पुलिस बलों पर हमले बढ़े हैं। इन हमलों में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है।

इस हफ्ते की शुरुआत में बलूचिस्तान के मस्तुंग और कलात जिलों में पाकिस्तानी बलों पर कई ड्रोन और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) हमले हुए, जिनमें कई लोग हताहत हुए और काफी नुकसान हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को मस्तुंग के खादकोचा इलाके में मुख्य सैन्य कैंप पर कम से कम दो ड्रोन से हमले किए गए। जानकारी के मुताबिक, इसमें पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए हैं और कैंप को नुकसान पहुंचा है।

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, कलात के मरजान इलाके में एक आईईडी हमले में पाकिस्तानी बलों का एक वाहन नष्ट हो गया। इसके अलावा, क्वेटा-ताफ्तान राजमार्ग पर चगाई के नोकचाह इलाके में सड़क जाम के दौरान हथियारों से लैस लड़ाकों ने दो कमर्शियल वाहनों को रोका और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि इनमें से एक वाहन में कीमती पत्थर ले जाए जा रहे थे। हालांकि, इन ताजा हमलों और वाहनों को कब्जे में लेने के पीछे किन लोगों का हाथ है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और किसी भी गुट ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ये हमले बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) द्वारा बलूचिस्तान के कच्छी जिले में एक ड्रोन हमले और सैन्य काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले की जिम्मेदारी लेने के एक दिन बाद हुए हैं। इस घटना में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के पांच जवान मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।

बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलोच ने एक बयान में कहा कि उनके गुट की ड्रोन यूनिट ‘आमिर एयरो गार्डियंस’ ने 8 नवंबर को कच्छी जिले के बाग इलाके में पाकिस्तानी सेना और पुलिस के एक संयुक्त कैंप पर हमला किया। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रवक्ता ने दावा किया कि इसके लगभग दो घंटे बाद बीआरजी ने कच्छी के बोलान इलाके में रॉकेट और अन्य भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए एक सैन्य काफिले पर घात लगाकर हमला किया। ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बताया कि इस हमले में चार जवान मारे गए और कई अन्य घायल हो गए, जबकि सैन्य वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button