मामूली विवाद में हथौड़े से वार कर महिला की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के पालघर जिले के सफाला पुलिस थाना क्षेत्र में 52 वर्षीय सजनी विनोद वाघरी की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर मामूली झगड़े के गुस्से में महिला के सिर पर हथौड़े से वार किया, जिससे गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले में पालघर पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा और सफाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अहम सफलता मिली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को सजनी विनोद वाघरी (52), निवासी एडवण सावरपाड़ा, तालुका एवं जिला पालघर, टेपाचा पाड़ा स्थित लोहे के पुल के पास घायल अवस्था में मिली थीं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सफाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में सफाला पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया गया था। महिला के शव का पंचनामा करने के बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार, महिला के कान के पीछे किसी हथियार से गंभीर चोट लगी थी। इस चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उनकी मौत हो गई।

चिकित्सकीय रिपोर्ट से हत्या की आशंका की पुष्टि होने के बाद सफाला पुलिस ने 15 अक्टूबर को हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा, पालघर और सफाला पुलिस थाने की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने गोपनीय जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और दो संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने इस मामले में जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान निलेश धर्माजी चिभडे (35 वर्ष, निवासी बाम्बरपाड़ा, पोस्ट जामसर, तालुका जव्हार, जिला पालघर) और उज्वला नवसु खुताडे (33 वर्ष, निवासी दाभोसा, तालुका जव्हार, जिला पालघर) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामूली विवाद के गुस्से में महिला के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या करने की बात कबूल की। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button