अवैध धान के कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा

रायपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए धमतरी जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण, परिवहन और पुनर्चक्रण के विरुद्ध निगरानी तेज कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की सतत निगरानी और कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिले में अब तक 32 प्रकरण दर्ज कर 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मंडी अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ओडिशा सीमा पर छह चेकपोस्ट, धान के अवैध परिवहन पर विशेष नजर

– Advertisement –

Ad image

दूसरे राज्यों से धान लाकर समर्थन मूल्य पर खपाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। ओडिशा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर नगर सैनिकों के साथ वन, मंडी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जांच दलों द्वारा धान परिवहन करने वाले वाहनों की निगरानी के साथ संदिग्ध वाहनों के दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।

पांच विभागों की संयुक्त टीम कर रही जांच, संदिग्ध भंडारण स्थलों पर भी दबिश

– Advertisement –

Ad image

अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर विशेष उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। इनमें राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। ये दल धान उपार्जन व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार जब्ती एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

किसानों के हक की खरीदी में नहीं होने दी जाएगी गड़बड़ी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध रूप से संग्रहित धान, अन्य राज्यों से लाए गए धान तथा पहले से खरीदे गए धान के पुनर्चक्रण के माध्यम से सरकारी खरीदी व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सूचना संकलन, जांच और कार्रवाई की व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है।

अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई, किसानों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण अथवा बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में अपना धान विक्रय करें। साथ ही अवैध धान भंडारण, परिवहन अथवा खरीदी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता बनी रहे और शासन की किसान हितैषी व्यवस्था का लाभ पात्र किसानों को मिल सके।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button