#Social
धुम्मू शाह दाड़ी मेले में ट्रैफिक जाम, लोग परेशान

Hospice. धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला के साथ लगने वाला धुम्मूशाह दाड़ी मेले में ट्रैफिक जाम ने रविवार को आम लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से पहुंचने वाले पर्यटकों को खूब परेशान किया। मेले के दौरान धर्मशाला के दाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक को लेकर पूरी तरह से अव्यवस्था का दिखा आलम देखने को मिला। सडक़ों के दोनों किनारों पर बेतरतीब वाहन लगाकर लोग मेले में घूमते रहे, जबकि पालमपुर-धर्मशाला, धर्मशाला से कांगड़ा सहित अन्य महत्त्वपूर्ण गंतव्यों की ओर आवाजाही करने वाले लोगों घंटों ट्रैफिक जाम में पिसते रहे। धुम्मूशाह मेले के चलते दाड़ी बाजार में इन दिनों ट्रैफिक जाम की समस्या आम बनी हुई है। सडक़ों में दुकानदारी सजने के साथ-साथ बेतरतीब पार्किंग का हर स्थान पर आलम देखने को मिल रहा है। दाड़ी मेले के दौरान बेतरतीब वाहन पार्किंग हमेशा ही बड़ी समस्या बनी रहती है। इस बार भी बेतरतीव पार्किंग को लेकर कोई उचित व्यवस्था नहीं की
गई है।
ऐसे में फिर से धर्मशाला-पालमपुर में मुख्य सडक़ मार्ग, पालमपुर बाइपास रोड़, दाड़ी-कंडी रोड, धर्मशला स्टेडियम रोड सहित अन्य सभी मार्गों में बेतरतीब पार्किंग होने से घंटों जाम की स्थिति बन रही है। उक्त को लेकर प्रशासन व पुलिस विभाग की ओर से कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई। इस बारे में एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मी मौके पर तैनात किए गए थे। बावजूद इसके कई स्थानों पर बेतरतीब पार्किंग के कारण समस्या बनी है। वहीं, दाड़ी के लुंगड़ू चौक से कंडी रोड में दिन से लेकर देर शाम तक दो से तीन-तीन घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। चौक व सडक़ की दोनों ओर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग की गई, जिसे पुलिस व ट्रैफिक पुलिस की ओर से न ही चालान किए गए, न ही वाहनों को टो.चैन किया गया, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती रही। इस बार धुम्मूशाह मेला दाड़ी का दूसरी बार आयोजन प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। इसमें इस बार प्रशासन व डीसी कांगड़ा की ओर से सडक़ों में दुकानदारी सजाने को पूरी तरह से मनाही की गई थी, जबकि मेले के दौरान सडक़ों के दोनों तरफ दुकानदारी सजी रही। ऐसे में एक बार फिर से सडक़ में ट्रैफिक जाम व दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ।


