दमन-दीव, दादरा नगर हवेली स्थानीय चुनाव: भाजपा ने दर्ज की शानदार जीत

Patna पटना। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बिहार विधान परिषद में भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय मयूख ने शनिवार को दमन, दीव, दादरा और नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत को सुशासन की जीत बताया। डॉ संजय मयूख ने कहा, “यह परिणाम जनता के बीच भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की प्रतीक बनी है और भाजपा पर समग्र राष्ट्र का भरोसा और दृढ़ हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में जीत पर जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव के मेरे भाइयों और बहनों का आभार, जिन्होंने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सरपंच, जिला पंचायत और पार्षद चुनावों में भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया। यह हमारी पार्टी के विकास एजेंडे के साथ केंद्र शासित प्रदेश के मजबूत जुड़ाव को दर्शाता है। मैं जमीनी स्तर पर अपने मेहनती कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं।”
दमन की जिला पंचायत में भाजपा ने 16 में से 15 सीटें जीतीं और नगर परिषद की 15 में से 14 सीटों पर कब्जा जमाया। 16 सरपंच पदों में से 15 भाजपा के हिस्से में आए। दीव में भाजपा ने जिला पंचायत की सभी 8 सीटें जीतीं। दादरा एवं नगर हवेली की पंचायत में पार्टी ने 26 में से 24 सीटें जीतीं। दादरा एवं नगर हवेली की नगर परिषद की सभी 15 सीटें भी भाजपा के खाते में गईं।
Source link




