ITI में हादसा, भारी ट्रॉली पलटने से कटी छात्र की 5

बालोद। CG NEWS : जिले के डौंडीलोहारा स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक छात्र के साथ गंभीर हादसा हुआ है। निर्माण कार्य के दौरान भारी ट्रॉली पलटने से छात्र पुरुषोत्तम कुमार के एक हाथ की पांचों उंगलियां कट गईं। इस घटना ने संस्थान में छात्रों की सुरक्षा और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित छात्र पुरुषोत्तम ने बताया कि संस्थान के बाथरूम में मरम्मत का काम चल रहा था। प्रबंधन ने बाहरी मजदूरों के बजाय छात्रों को पढ़ाई छोड़कर निर्माण कार्य में लगा दिया था। उसे भारी सामान से लदी ट्रॉली खींचने को कहा गया, जो अनियंत्रित होकर उसके हाथ पर पलट गई। लहूलुहान हालत में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य छात्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनसे अक्सर मजदूरी कराई जाती है। विरोध करने पर उन्हें कॅरिअर खराब करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी दी जाती है। संस्थान में ‘मेसन’ (राजमिस्त्री) का कोई कोर्स न होने के बावजूद छात्रों से निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

प्राचार्य का गैर-जिम्मेदाराना रवैया
घटना के बाद संस्थान के प्राचार्य आर.के. कुर्रे ने मीडिया से बात करने से इन्कार कर दिया। वे कैमरों से बचते नजर आए और कोई भी बयान नहीं दिया। यह संस्थान पिछले छह महीनों से लगातार विवादों में घिरा हुआ है। शिक्षकों ने पहले ही प्राचार्य पर तानाशाही और मनमानी के आरोप लगाए थे। उन्होंने मंत्रालय तक इसकी शिकायत भी की थी।
जवाबदेही और मुआवजे की मांग
स्टाफ और प्रबंधन के बीच की खींचतान का खामियाजा अब एक छात्र को भुगतना पड़ा है। इस घटना ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है। छात्र के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ित छात्र के लिए भारी मुआवजे की भी मांग की है। प्रबंधन अभी तक अपनी जवाबदेही से बच रहा है।
Source link




