देश दुनियाशहर एवं राज्य

बिपरजॅाय; शाम तक तबाही का इंतजार, सहमा देश, कई इलाकों में लोगों के लिए जीवन – मरण का संकट

डेस्क: चक्रवात बिपरजॉय आज शाम तक गुजरात के जखौऊ पोर्ट से टकराएगा। जिस समय तूफान टकराएगा उस समय हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किमी/घंटा रह सकती है। जमीन पर पहुंचने के बाद हवा की गति 150 किमी/घंटा तक हो सकती है। गुजरात के 10-12 जिले तूफान की चपेट में रहेंगे, लेकिन असर कई राज्यों में दिखाई देगा।

गुजरात के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

गुजरात के सौराष्ट्र, कच्छ के साथ देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, मोरबी, जूनागढ़ और राजकोट में तूफान का असर होगा। मौसम विभाग की तरफ से सौराष्ट्र-कच्छ के साथ देवभूमि द्वारका और जामनगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 15 जून को 150 किमी/घंटे की रफ्तार रह सकती है। इसके साथ ही 15 जून की शाम से कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिलों में अलग-अलग जगहों पर 20 से 25 सेमीबारिश हो सकती है।

राजस्थान के 12 जिलों में चक्रवात का असर

बात करें राजस्थान की तो यहां के 12 जिले बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, अजमेर संभाग, भीलवाड़ा और टोंक इस लिस्ट में शामिल हैं। इन जिलों में अगले दो दिन 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। साथ ही भी बारिश होने की भी संभावना है।

महाराष्ट्र में तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई में तेज बारिश होने का अनुमान है और 17 जून तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।

मध्यप्रदेश में धूलभरी आंधी और बारिश

मध्यप्रदेश के शहडोल, जबलपुर, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके अलावा अगले 24 घंटों के दौरान खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, सागर, झाबुआ, रीवा, सतना और छतरपुर में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

गोवा में हल्की बारिश

चक्रवात बिपरजॉय का प्रभाव गोवा के तटों पर भी शुरू से ही देखा जा रहा है। इसकी वजह से गोवा के समंदर में ऊंची लहरें उठ रही हैं। फिलहाल गोवा में पर्यटकों के समुद्र तटों पर जाने पर बैन लगा दिया गया है। क्योंकि तूफान के असर के साथ ही गोवा के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में चक्रवात का असर नहीं

वैसे देखा जाए तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में चक्रवात बिपरजॉय का असर नहीं होगा। हालांकि कुछ आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

यूपी में हीट वेव चलेगी

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम भारत जैसे हिमाचल और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

चक्रवात के कारण मानसून कमजोर हो गया है?

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने कहा है कि 18 से 21 जून के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होंगी। मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय से अरब सागर के ऊपर भूमध्यरेखीय प्रवाह को बढ़कर दक्षिणी हिस्सों में मानसून को आगे बढ़ने में मदद मिली है। अब मानसून के आगे बढ़ने में रुकावट नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button