Corona update : देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर पहुंचा 5.28 लाख के पार…
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल जैसे कई राज्यों में एक दिन में कोरोना वायरस के मामलों में सर्वाधिक वृद्धि होने के साथ ही पूरे भारत में एक दिन में करीब 20 हजार मामले सामने आए हैं, इससे भारत में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या रविवार को पांच लाख 28 हजार 859 हो गई, वहीं मृतकों की संख्या 16,095 हो गई है।
केंद्र सरकार ने बताया कि ठीक होने वाले लोगों की संख्या कोविड-19 से संक्रमित लोगों की तुलना में एक लाख ज्यादा है। सरकार ने कहा कि राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर ‘‘एहतियाती कदम’’ उठाने के ‘‘उत्साहजनक परिणाम’’ दिख रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रविवार को संक्रमित मामलों की संख्या पांच लाख 28 हजार 859 हो गई और कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करा रहे लोगों की संख्या जहां दो लाख तीन हजार 51 है वहीं तीन लाख नौ हजार 712 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
पीएममोदी ने कहा – लोगों को बरतनी होगी ज्यादा सतर्कता –
देश में रविवार को संक्रमण के 19,906 मामले सामने आए। यह लगातार पांचवां दिन है जब कोरोना वायरस संक्रमण की संख्या 15 हजार से अधिक हुई है। देश में ‘अनलॉक’ डॉउन शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अब कोरोना वायरस को हराने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करना होगा, उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा आपदा को सफलता में परिवर्तित किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को लॉकडाउन के समय की तुलना में ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। प्रधानमंत्री ने अपने मासिक मन की बात कार्यक्रम में लोगो से आग्रह किया कि, ‘हमेशा याद रखिए, अगर आपने मास्क नहीं पहना, छह फुट सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया या अन्य सावधानी नहीं बरते तो खुद के अलावा आप दूसरों को भी खतरे में डाल रहे हैं, खासकर घर के बुजुर्गों और बच्चों को।’
प्रधानमंत्री की बातों का समर्थन करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि 30 जून के बाद भी राज्य में लॉकडाउन की पाबंदियां जारी रहेंगी, क्योंकि संकट अभी टला नहीं है। ठाकरे ने कहा कि अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए अनलॉक की प्रक्रिया को धीरे-धीरे लागू किया जा रहा है, जिसे ‘मिशन बिगिन अगेन’ नाम दिया गया है।
24 घंटे में दो लाख 31 हजार 95 नमूनों की जांच –
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘‘रोजाना दो लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है, पिछले 24 घंटे में दो लाख 31 हजार 95 नमूनों की जांच हुई है। अभी तक 82 लाख 27 हजार 802 नमूनों की जांच हुई है।’ रविवार की सुबह तक जिन 410 और लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र में 167, तमिलनाडु में 68, दिल्ली में 66, उत्तर प्रदेश में 19, गुजरात में 18, पश्चिम बंगाल में 13, राजस्थान और कर्नाटक में 11-11, आंध्र प्रदेश में नौ, हरियाणा में सात, पंजाब और तेलंगाना में छह-छह, मध्य प्रदेश में चार, जम्मू कश्मीर में दो और बिहार, ओडिशा तथा पुडुचेरी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।




