PoK में घर पर धमाके से दहला बाग जिला, महिला और बच्चों समेत 4 की मौत

पाकिस्तान: कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के बाग जिले के पांडी गांव में एक घर में हुए धमाके में महिला और बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पीओके में लगातार बिगड़ते हालात और गहराते राजनीतिक संकट को सामने ला दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कई महीनों से जारी राजनीतिक टकराव अब और बढ़ गया है। लोगों की बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों की मांग धीरे-धीरे पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ बड़े विरोध में बदलती जा रही है।

श्रीलंका के अखबार ‘डेली मिरर’ की रिपोर्ट के अनुसार, धमाका उस इलाके में हुआ है, जहां जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) लगातार आंदोलन कर रही है। यह आंदोलन बिजली की दरें कम करने, प्रशासनिक सुधार, आर्थिक राहत और सरकार की जवाबदेही तय करने जैसी मांगों को लेकर शुरू हुआ था। पिछले कुछ महीनों में बाग जिले के गांवों और कस्बों में कई विरोध प्रदर्शन और धरने हुए हैं। इसके चलते यह जिला पीओके में राजनीतिक विरोध का एक बड़ा केंद्र बन गया है। ऐसे माहौल में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने इस घटना को राजनीतिक रूप से और गंभीर बना दिया है।

जेएएसी ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर शख्तर हुसैन को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। कमेटी का दावा है कि धमाके में इस्तेमाल किया गया विस्फोटक ड्रोन के जरिए गिराया गया था। जेएएसी के मुताबिक, इस धमाके में हुसैन की पत्नी, उनका 11 साल का बेटा, आठ साल की बेटी और उनकी दादी की मौत हो गई। जेएएसी के बयान से पीओके के लोगों में बढ़ते गुस्से और नाराजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। कमेटी ने कहा कि विवादित क्षेत्र में इस तरह आम नागरिकों को निशाना बनाना उनके जीवन, सम्मान और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का खुला उल्लंघन है। उसने धमाके की तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

हालांकि, स्थानीय पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। पुलिस का दावा है कि धमाका घर के अंदर ही हुआ था। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक आतंकी संगठन आम नागरिकों के घरों का इस्तेमाल अपने ठिकानों के रूप में कर रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस तरह के दावों से पीओके में लोगों और प्रशासन के बीच भरोसे का संकट और गहरा हुआ है। मौजूदा संकट की एक बड़ी वजह पाकिस्तान सरकार का जेएएसी के प्रति सख्त रवैया भी है। जून में पाकिस्तानी अधिकारियों ने आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत जेएएसी पर औपचारिक रूप से प्रतिबंध लगा दिया था। इसी सप्ताह की शुरुआत में जेएएसी ने पाकिस्तानी अधिकारियों से गोलीबारी तुरंत बंद करने, बेवजह बल प्रयोग रोकने और आम लोगों को डराने वाली सभी कार्रवाई बंद करने की मांग की थी।

यह मांग उस घटना के बाद की गई, जिसमें कब्जे वाले क्षेत्र के रावलाकोट इलाके में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर गोलीबारी की और ड्रोन से हमले किए। इस दौरान महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रावलाकोट और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण हालात पर चिंता जताते हुए जेएएसी ने कहा, “धरने में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने वाले लोग दुश्मन नहीं हैं, बल्कि हमारे अपने लोग हैं। आम नागरिकों पर गोलीबारी, हवाई हमलों के जरिए लोगों को डराना और किसी भी तरह का बेवजह बल प्रयोग तुरंत बंद होना चाहिए।”

कमेटी ने अधिकारियों से मांग की कि मारे गए लोगों के शव बिना देरी किए उनके परिवारों को सौंपे जाएं। साथ ही, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई जाए और उन्हें उचित मदद दी जाए। इसके अलावा, जेएएसी ने सभी घायलों को तुरंत, सुरक्षित और बिना किसी भेदभाव के इलाज उपलब्ध कराने की मांग की। कमेटी ने पीओके में मोबाइल, इंटरनेट और अन्य जरूरी संचार सेवाएं भी बहाल करने को कहा। जेएएसी ने अपने बयान में कहा, “मौतों, घायलों, गिरफ्तारियों, गैरकानूनी बल प्रयोग के आरोपों, हथियारबंद गतिविधियों और लोगों को भड़काने से जुड़े सभी मामलों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। जांच एक तय समय सीमा के भीतर पूरी की जानी चाहिए। इसके लिए पहले से लिखित रूप में जांच की प्रक्रिया, अधिकार क्षेत्र, सबूतों को सुरक्षित रखने और गवाहों की सुरक्षा के इंतजाम तय किए जाने चाहिए। बिना पुख्ता सबूत के किसी भी आरोप को सच नहीं बताया जाना चाहिए।”


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button