गंडई में PIT NDPS अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई, आरोपी महिला गिरफ्तार

Gandai. गंडई। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। PIT NDPS अधिनियम के तहत आदतन गांजा तस्करी में संलिप्त महिला के खिलाफ निवारक निरोध की कार्रवाई करते हुए उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है। यह कार्रवाई आयुक्त न्यायालय, दुर्ग के आदेश पर की गई, जिसमें तीन माह की अवधि के लिए निरुद्ध रखने का वारंट जारी किया गया था। थाना गंडई क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 08, महरापारा निवासी मेहरूननिशा पति इस्माईल खान लंबे समय से अवैध रूप से गांजा बिक्री में संलिप्त पाई गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी महिला के विरुद्ध पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। वर्ष 2023 में अपराध क्रमांक 105/23 तथा वर्ष 2025 में अपराध क्रमांक 190/25 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी महिला बार-बार गांजा की अवैध बिक्री कर क्षेत्र में नशे का जाल फैला रही थी। उसके इस कृत्य से न केवल युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही थी। बल्कि सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव
पड़ रहा था।
इसी को दृष्टिगत रखते हुए जिला KCG पुलिस ने PIT NDPS अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत निवारक निरोध की कार्यवाही हेतु आयुक्त न्यायालय, दुर्ग में प्रकरण प्रस्तुत किया। आयुक्त न्यायालय, दुर्ग द्वारा 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश में आरोपी महिला को तीन माह की अवधि तक केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध रखने का वारंट जारी किया गया। आदेश प्राप्त होते ही जिला खैरागढ़ पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वारंट की तामीली कराई और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर विधिवत केंद्रीय जेल दुर्ग दाखिल कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, PIT NDPS अधिनियम के तहत की गई यह कार्रवाई नशे के कारोबार में लिप्त आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक सख्त कदम है। इससे न केवल अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगेगी, बल्कि समाज में कानून का भय भी स्थापित होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा तथा युवा पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से बचाने में मदद मिलेगी।
Source link


