#Social
हत्या का LIVE VIDEO, अमेरिका में भारतीय शख्स को मारी गोली

Washington वाशिंगटन। अमेरिका के इंडियाना प्रांत में भारतीय मूल के एक व्यक्ति की उसकी पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब 29 साल के गैविन दसौर अपनी पत्नी के साथ घर जा रहे थे। दसौर की पत्नी मेक्सिको की हैं और हाल में उनका विवाह हुआ था। इंडियानापोलिस पुलिस विभाग की अधिकारी अमांडा हिब्सचमैन ने बताया कि अधिकारियों को पिछले सप्ताह मंगलवार रात आठ बजे के बाद इंडी शहर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक चौराहे पर एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि वहां जमीन पर एक व्यक्ति पड़ा था और उसके शरीर पर गोली का निशान था। मृतक की पत्नी ने उसकी पहचान की। भारतीय मूल के व्यक्ति की पत्नी विवियाना जमोरा ने ‘इंडियानापोलिस स्टार’ को बताया, ‘‘वह खून से लथपथ थे, मैं उन्हें थामे हुए थी और एम्बुलेंस का इंतजार कर रही थी।’’



