#Social

नहाने के दौरान युवती से छेड़छाड़, विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार


Raigarh. रायगढ़। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने वाले आरोपी युवक को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों को कड़ा संदेश गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला 4 मार्च 2026 का है। पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर के समय गांव का ही रहने वाला युवक बृजेश मंहत (लगभग 26 वर्ष) उसके घर के नहानी घर में घुस गया। उस समय युवती नहा रही थी। आरोप है कि आरोपी ने उसे नहाते हुए देखा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।
पीड़िता द्वारा जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और हाथ व थप्पड़ मारकर उसे डराने-धमकाने लगा। युवती के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान पीड़िता के पिता भी वहां पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी घबरा गया, लेकिन जाने से पहले उसने उन्हें भी धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 77 और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नव पदस्थ महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू कर दी और कुछ ही समय में आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी बृजेश दास मंहत पिता सुकरीत दास मंहत, निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव सहित महिला थाना स्टाफ के अन्य सदस्य शामिल थे।
इस घटना के बाद रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुर्व्यवहार और हिंसा जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि महिलाओं के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या हिंसा की घटना सामने आती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके और महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button