नहीं रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॅा. मिश्रा, भूपेश ने जताया शोक
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का सोमवार को निधन हो गया। दिवंगत मिश्र पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। 82 साल के जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। 1975 में वह पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। दूसरी बार 1980 और आखिरी बार 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें 90 के दशक के दौरान केंद्रीय कैबिनेट में भी जगह मिली थी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री मिश्रा के निधन पर शोक जताया है।
जगन्नाथ मिश्रा ने एक प्राध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू किया था और बाद में बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बने थे। उनकी राजनीति में काफी रूचि थी। उनके बड़े भाई ललित नारायण मिश्रा रेल मंत्री थे। बता दें कि देवघर चारा घोटाला केस में लालू यादव को कोर्ट ने दोषी करार दिया और जगन्नाथ मिश्रा को बरी कर दिया था।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डा. मिश्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताया है साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।