#Social
अंतिम सांस तक साथ रहे बचपन के दोस्त, हादसे ने छीन ली दोनों की जिंदगी

Jammu and Kashmir जम्मू कश्मीर : अरनिया के रठाना गांव में दो दोस्तों के शव एक साथ पहुंचने ही पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया। दोनों के घर में कोहराम मच गया। इस दौरान चीत्कार से हर आंखा नम हो गई।
परिवार के सदस्यों को लोग देर तक संभालते और ढांढस बंधाते रहे। बचपन की दोस्ती की गाड़ी अंतिम यात्रा के साथ थम गई। रठाना गांव के तीन दोस्त अशोक कुमार, सुनील कुमार और श्याम सिंह वीरवार देर रात पटनीटॉप घूमने के लिए निकले थे। अभी वह उधमपुर के मांड क्षेत्र में पहुंचे थे कि उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इसमें अशोक कुमार और सुनील कुमार की मौत गई, जबकि तीसरा दोस्त श्याम सिंह गंभीर घायल हो गया। श्याम सिंह की हालत भी शुक्रवार तक गंभीर बनी हुई थी।
उसे उपचार के लिए प्रदेश से बाहर ले जाया गया है। अशोक कुमार और सुनील कुमार में गहरी दोस्ती थी। दोनों हर वक्त साथ नजर आते थे।अशोक ऑटो चालक था, जबकि सुनील फाइनेंस कंपनी का कर्मी था। अशोक का एक बेटा और एक बेटी हैं, जबकि सुनील कुमार की एक बेटी है। दोनों की मौत से क्षेत्रवासी स्तब्ध हैं। दोनों की दोस्ती की मिसाल पूरा गांव देता है।
दोनों स्वभाव से भी बहुत अच्छे थे। अशोक विदेश जाने की तैयारी में था। उसने वीजा के लिए आवेदन भी कर रखा था। लगभग औपचारिकताएं पूरी हो गई थीं। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ रठाना गांव में किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।




