#Social
आंजभौज क्षेत्र में फिर से तेंदुए की दस्तक

Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आंजभौज क्षेत्र में एक बार फिर से तेंदुए ने दस्तक दी है। इस दौरान रुदाना गांव में तेंदुए द्वारा एक बकरे को मार डाला। जानकारी के अनुसार रुदाना गांव के प्रताप सिंह ने बताया कि तेंदुए ने उनके बकरे को उस वक्त मार डाला जब बकरे को चराने के लिए छोड़ा गया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और यह घटना स्कूल के आसपास घटी है। अब स्कूल जाने वाले बच्चों को भी डर सता रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि यह तेंदुआ किसी पर हमला न कर सके। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी डांडा पागर पंचायत के डांडीवाला गांव में घर के बाहर बंधी दो बकरियों को तेंदुए ने मार
डाला था।
पंचायत के प्रधान देवराज चौहान ने बताया कि डांडीवाला गांव के रामलाल की दो बकरियों को तेंदुए ने मार डाला। इसके अलावा पांवटा के वार्ड नंबर दो व चार में भी लोगों द्वारा दो बार तेंदुए को देखा था। इस दौरान तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था। इसके अलावा पांवटा के दूरदराज गिरिपार क्षेत्र के शिलाई के कोटा पाब में भी कुछ साल पहले रात को तेंदुए ने एक गौशाला में दरवाजा तोडक़र एक ही रात में 27 बकरे और 14 बकरियों को मार डाला। गौशाला गांव से दूर थी, जिस कारण ग्रामीणों को सुबह ही पता चला। इन दिनों जिला सिरमौर के कई क्षेत्रों में तेंदुए आबादी वाले क्षेत्र में दस्तक दे रहे हैं। वन मंडल अधिकारी पांवटा ऐश्वर्य राज ने बताया कि वन विभाग को सूचना मिली है। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही गांव के समीप पिंजरा लगाया जाएगा।




