ओडिशा: कांग्रेस ने घोषित किया घासी राम माझी को नुआपाड़ा उपचुनाव का उम्मीदवार

भुवनेश्वर: ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने औपचारिक घोषणा करते हुए घासी राम माझी को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। माझी वर्तमान में नुआपाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं।

यह फैसला ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति द्वारा सर्वसम्मति से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर लिया गया। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस नाम की पुष्टि की।

नुआपड़ा विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन होने की वजह से इस सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही इस सीट के लिए उपचुनाव कराने का ऐलान किया है। इस पर 11 नवंबर को उपचुनाव होने हैं।

ओपीसीसी प्रमुख भक्त चरण दास पहले ही संकेत दे चुके थे कि माझी स्वाभाविक दावेदार हैं। घासी राम माझी एक अनुभवी कांग्रेस नेता हैं। उन्होंने नुआपाड़ा सीट से तीन बार चुनाव लड़ा है। 2014 और 2019 में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, जबकि 2024 में टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और 50,941 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे।

भक्त चरण दास ने कहा, “पिछले चुनावों में मिले मजबूत जनसमर्थन को देखते हुए इस बार घासी राम माझी की जीत पूरी तरह संभव लग रही है।” वहीं दूसरी ओर, बीजद और भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। दोनों दलों में मंथन जारी है।

दिलचस्प बात यह है कि नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र कालाहांडी लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व कभी भक्त चरण दास संसद में कर चुके हैं। इससे कांग्रेस को शुरुआती चुनावी बढ़त मिलने का दावा किया जा रहा है।

भक्त चरण दास सोमवार से ही नुआपाड़ा में डेरा डाले हुए हैं और चार दिवसीय जमीनी समीक्षा में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन की रैली में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि पार्टी में नया जोश और आत्मविश्वास लौट आया है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button