#Social
कालेज को सुपुर्द होगी एसपीयू की बिल्डिंग

Sundernagar. सुंदरनगर। एमएलएसएम कालेज के परिसर में दस करोड़ 69 लाख की राशि से निर्मित सरदार पटेल विवि का भवन एमएलएसएम कालेज को सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसको लेकर सरकार की ओर से पहले ही अधिसूचना जारी कर दी गई थी परंतु अभी तक यह भवन कालेज को नहीं सौंपा गया था। लेकिन इसको लेकर सरकार की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है ,जिसके तहत शुक्रवार को शिक्षा निदेशक डा. अमरजीत शर्मा ने स्वयं एमएलएसएम कालेज का दौरा कर भवन का निरीक्षण किया। भवन में देखा गया कि यहां रखे गए सामान को स्थानांतरित करने के लिए कितना समय लगेगा। सामान यहां से शिफ्ट होते ही यह भवन एमएलएसएम कालेज को विधिवत सुपुर्द कर दिया जाएगा, जिससे जहां कॉलेज को एक अतिरिक्त भवन मिलेगा वहीं यहां पढऩे वाले छात्र छात्राओं को भी इसकी सुविधा मिलेगी। डॉ.अमरजीत शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा इस भवन को एमएलएसएम कालेज को सौंपने का निर्णय लिया गया है ताकि इस भवन का सही तरीके से इस्तेमाल हो
सके।
यहां का दौरा कर भवन का निरीक्षण कर देखा गया कि यहां से सामान शिफ्ट करने में कितना समय लग सकता है। सामान शिफ्ट होते ही भवन एमएलएसएम को हैंडओवर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसपीयू के लिए मंडी कालेज परिसर में करीब 15 करोड़ की लागत से बनकर भवन तैयार हो चुका है। इसके अलावा डिग्री कालेज बासा में भी क्लस्टर यूनिवर्सिटी के तहत भवन निर्माण किया गया है वह भी एसपीयू को दिया जाएगा और नारला कालेज भवन भी एसपीयू को सौंपा जाएगा ताकि सरदार पटेल विवि का कार्य भी सुचारू रूप से चल सके। इन भवनों से सरदार पटेल विवि की भवनों की कमी भी पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दस से पंद्रह दिनों में सुंदरनगर से सामान शिफ्ट कर यह भवन एमएलएसएम कालेज के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इस अवसर पर एमएलएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कामेश्वर कुमार और एसपीयू मंडी के प्रोफेसर सनिल ठाकुर उपस्थित रहे।




