कोमाखान पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचा, 4.210 किलो गांजा और बाइक जब्त

Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे दो लोगों को पकड़ा है। इनमें एक आरोपी बालिग है, जबकि दूसरा विधि से संघर्षरत बालक है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.210 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, नगदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 53 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की ओर से जिले में अवैध गांजे की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

टेमरी जांच नाका पर मिली सूचना

इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस की टीम एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक OD 03 AB 7189 से ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ आ रहे हैं और उनके पास अवैध गांजा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल का इंतजार शुरू किया। कुछ समय बाद सामने से मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों संदिग्धों से पूछताछ की।

बैग की तलाशी में मिला गांजा

पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम पुष्पा कुमार चिन्डा (24), पिता संतोष चिन्डा, निवासी वार्ड नंबर 14, आश्रमपाड़ा, कांटाबांजी, थाना कांटाबांजी, जिला बलांगीर, ओडिशा बताया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था। पुलिस के अनुसार दोनों के हावभाव संदिग्ध लगने पर उनके सामान और मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 4.210 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत 2 लाख 10 हजार 500 रुपये आंकी है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गांजा कांटाबांजी, ओडिशा से लेकर महासमुंद, छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने गांजे के साथ आरोपियों के मोबाइल फोन, नगदी और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।

3.53 लाख की संपत्ति जब्त

कोमाखान पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 3 लाख 53 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 4.210 किलो गांजा कीमत 2,10,500 रुपये, दो मोबाइल फोन कीमत 50,000 रुपये, 3,000 रुपये नगद और करीब 90,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल शामिल है। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 142/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(II)(B) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार बालिग आरोपी पुष्पा कुमार चिन्डा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसके साथ पकड़े गए विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और इसे महासमुंद में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button