गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर खालसा

रायपुर। GRAND NEWS: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के खालसा स्कूल परिसर में भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ (CSTA) के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में मत्था टेककर गुरुवाणी का श्रवण किया और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर सिख समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा को धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया। ग्रैंड विजन के माध्यम से विभिन्न धार्मिक आयोजनों का लाइव प्रसारण तथा स्टेशन रोड गुरुद्वारा में प्रतिदिन गुरुग्रंथ साहिब के गुरबाणी पाठ का सीधा प्रसारण कराने में उनके योगदान की सराहना की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों को प्रसारण के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।

सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं हमें मानवता, सेवा, प्रेम और मिलजुलकर रहने का मार्ग दिखाती हैं। धार्मिक आयोजनों को प्रसारण के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाना उनके लिए सेवा का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाजहित में कार्य करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। श्री होरा ने आगे कहा कि जबसे खालसा स्कूल परिसर में गुरुनानक जी की जयंती पर यह कार्यक्रम किया जा रहा है तब से ही ग्रैंड विजन नेटवर्क इसका लाइव प्रसारण करता आ रहा है। आगे भी ग्रैंड विजन नेटवर्क समाजहित कार्यक्रमों में अपनी पूरी सहभागिता निभाता रहेगा।

कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, जी.एस. बॉम्बरा, गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी, ग्रैंड विजन के वरिष्ठ पदाधिकारी अमोल गरुड़ी सहित सिख समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बता दें कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व कार्तिक माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है। यह दिन सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी की जयंती के रूप में विशेष महत्व रखता है। उनके द्वारा दिए गए एक ईश्वर, सत्य, करुणा, समानता और मानव सेवा के संदेश आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। प्रकाश पर्व पर देशभर के गुरुद्वारों में कीर्तन, पाठ, अरदास और लंगर के आयोजन के माध्यम से उनके आदर्शों को याद किया जाता है।
Source link



