चोरी: जेवरात पर साफ किया हाथ, बच्चों की चॉकलेट पर भी बोला धावा

बिजनौर: बिजनौर की इंद्रलोक कॉलोनी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. मकान मालिक परिवार सहित गांव गया हुआ था, इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी समेत कीमती जेवरात समेट ले गए.

यह मामला इंद्रलोक कॉलोनी गेट नंबर चार के अंदर का है, जहां कामेंद्र सिंह पुत्र कैलाश सिंह का मकान स्थित है. कामेंद्र सिंह पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और मूल रूप से गांव सलारपुर, नहटौर के निवासी हैं. बताया गया है कि वह हाल ही में सिंगापुर से लौटे थे और परिवार के साथ गांव गए हुए थे, जिस कारण मकान पर ताला लगा हुआ था.

रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नियमित रूप से दूध देने आने वाले दूधिये ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा. उसने तुरंत इसकी सूचना फोन के जरिए मकान स्वामी को दी. जानकारी मिलते ही कामेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, जहां घर का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि चोर करीब दस हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं. हैरानी की बात यह भी सामने आई कि चोर बच्चों के लिए रखी गई चॉकलेट तक खा गए.

सूचना मिलते ही शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा.

इस वारदात के बाद इंद्रलोक कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button