छत्तीसगढ़ में होगा 2028 नेशनल गेम्स? CGOA महासचिव सिसोदिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2028 में होने वाले 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी हासिल करने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की विशेष आम सभा की बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने प्रदेश की ओर से मेजबानी का प्रस्ताव रखा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय का पत्र IOA अध्यक्ष पी.टी. उषा को सौंपा। पत्र के जरिए 39वें नेशनल गेम्स के आयोजन के बाद फरवरी 2028 में 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया गया है।

खेल सुविधाओं को मिलेगा विस्तार

– Advertisement –

Ad image

डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नेशनल गेम्स जैसे बड़े आयोजन की मेजबानी मिलने से राज्य में मौजूद खेल अधोसंरचना को और विकसित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

– Advertisement –

Ad image

IOA संविधान में संशोधन पर भी हुई चर्चा

बैठक में नेशनल गेम्स की मेजबानी के प्रस्ताव के साथ भारतीय ओलंपिक संघ के संविधान में संशोधन को लेकर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 (NSGA 2025) के अनुरूप IOA के संविधान में आवश्यक बदलावों को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा। बैठक में देशभर के विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मेजबानी मिली तो तैयार है छत्तीसगढ़

डॉ. सिसोदिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश में विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना मौजूद है और खेल सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ को नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलती है, तो यह प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इससे न केवल राज्य की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की खेल पहचान भी देशभर में और मजबूत होगी।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button