#Social
जटपुर में हरगिज नहीं लगने देंगे केमिकल उद्योग

Santoshgarh. संतोषगढ़। जटपुर में केमिकल उद्योग के विरोध में संतोषगढ़ एकता मंच एवं क्षेत्र के लोगों ने आपत्तियां दर्ज करवाईं। शुक्रवार को एसडीएम विश्व देव मोहन चौहान की अध्यक्षता में हुई। जनसुनवाई में उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ऊना, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग व नगर परिषद संतोषगढ़ के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की प्लांट को लेकर आपत्तियां ली गई। करीब दोपहर 12 बजे शुरू हुई इस बैठक में उद्योग प्रबंधन की ओर से बुलाए गए रसायन विशेषज्ञ सतीश कुमार ने लोगों को जैसे ही उद्योग के बारे में बताना शुरू किया, वैसे ही बैठक में उपस्थित सैकड़ों नगरवासी एवं एकता मंच के लोग भडक़ उठे व हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कंपनी प्रबंधन के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। जिस पर माहौल बिगड़ता देख एसडीएम उन्ना ने
शांत करवाया।
विशेषज्ञ ने समझाया कि उद्योग का किसी भी तरह का नुकसान नहीं है। पत्तियां दर्ज करवाते हुए नगर के निवासी दीपक वासुदेव, मुकेश पुरी व शादीलाल सहित अन्य सभी ने एकजुटता से कहा कि उद्योग प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व नगर के लगभग एक दर्जन लोगों को बेवजह नोटिस जारी कर दिए हैं जिनमें उद्योग प्रबंधन ने मानहानि के लिए प्रत्येक व्यक्ति पर एक करोड़ का दावा कर रखा है। लोगों ने एसडीएम ऊना को बताया कि नगर परिषद से एनओसी लिए बिना ही उक्त उद्योग ने अपना निर्माण कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि किसी भी कीमत पर नगर में केमिकल उद्योग नहीं लगने दिया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि बैठक के दौरान लोगों का संतोषगढ़ एकता मंच के पदाधिकारी की ओर से जो भी आपत्तियों की गई है उनकी रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी। इस मौके पर शादी लाल शर्मा, संतोषगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष रजनीश चब्बा राजू बाल किशन कौशल, मुकेश पुरी, शशिकांत चब्बा, जगमोहन सिंह वालिया, अश्वनी सैनी, रवि बस्सी मौजूद रहे।




