#Social

डाक्टर ऋतिक शर्मा को मिला हिमालयन श्री अवार्ड


Bharadi. भराड़ी। देश में सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य सेवा और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने के प्रयासों में अग्रणी भूमिका निभा रहे डॉ. ऋतिक शर्मा को उनके बहुआयामी सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित हिमालयन श्री अवार्ड-2025 से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें एक भव्य समारोह में फिल्म अभिनेता रणजीत बेदी द्वारा प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से बॉलीवुड कलाकार रणजीत बेदी और राहुल रॉय उपस्थित रहे। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं क्षेत्र में आशा किरण संस्थान द्वारा आयोजित किया गया था, जो पिछले कई वर्षों से समाजसेवियों, कलाकारों और जागरूक नागरिकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित करता आ रहा है। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं, जिनमें नाटी सम्राट कुलदीप शर्मा, प्रसिद्ध लोकगायक करनैल राणा, संजीव दीक्षित, एसी भारद्वाज और इंदरजीत जैसे नाम

प्रमुख हैं।

इन सभी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और भी ऊंचाइयों तक पहुंचाया। डा. ऋतिक शर्मा ने विगत वर्षों में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए स्वयं 50 से अधिक बार स्वेच्छा से रक्तदान किया है और पूरे प्रदेश में रक्तदान को लेकर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया है। इसके साथ ही वे युवाओं को नशे से बचाने के लिए निरंतर चिट्टा विरोधी अभियान चला रहे हैं, जिसके माध्यम से उन्होंने कई स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद मंच से डॉ. ऋतिक शर्मा ने समाज को संबोधित करते हुए कहा, यह सम्मान मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी व्यक्तियों का प्रतिनिधित्व करता है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। यह पुरस्कार मुझे और अधिक जिम्मेदारियों की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने इस सम्मान के लिए आशा किरण संस्थान एवं संस्थान के निदेशक डा. योगेन्द्र मालिक का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button