#Social

डीएम ने SIR सुपर वाईजर की बैठक में दिए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के सख्त निर्देश


Lakhisarai, लखीसराय। समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र द्वारा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान 2025 की प्रगति की समीक्षा लखीसराय विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और सूर्यगढ़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी सुपरवाइजरों के साथ किया गया। बैठक में फॉर्म वितरण, भरे हुए फॉर्मों का संग्रह, ऑनलाइन अपलोडिंग, और अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों से बूथ-वार प्रगति की जानकारी प्राप्त की और प्रत्येक बूथ पर कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं। इस प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सभी BLO को नवीनतम BLO ऐप वर्जन 8.26 इंस्टॉल करने और इसका उपयोग करने का निर्देश दिया गया। ऐप के माध्यम से फॉर्म अपलोडिंग और डेटा प्रबंधन को और अधिक सुगम और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में इस और तेजी लाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक, जीविका दीदी, पंचायत सचिव, और अन्य जमीनी स्तर के कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी BLO को गणना प्रपत्रों की गुणवत्ता और सटीकता की जांच करने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा गया। अस्वीकृत फॉर्मों की समीक्षा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए। इसके लिए प्रचार रथ, स्कूलों में विशेष शिविर, और पंचायत भवनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यह अभियान 27 जुलाई तक चलेगा, और प्रारूप मतदाता सूची 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियों की अवधि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक होगी, और अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा, “यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य एक त्रुटिरहित, अद्यतन, और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।” समीक्षा बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सीतु शर्मा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग) दुर्गा प्रसाद और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button