#Social

तेज रफ्तार डंपर ने मारी कार को टक्कर, 5 लोगों की मौत


बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के करीम बेहड़ गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार सेना के जवान, उनकी पत्नी, माता-पिता और बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई।
इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। जानकारी के अनुसार, जवान छुट्टी पर घर आए थे और वह अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ लखनऊ इलाज के लिए जा रहे थे। यह हादसा हाईवे पर हुआ, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इससे पहले 28 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में गूगल मैप के कारण दो कारें दुर्घटनाग्रस्त हो गई थीं। गनीमत यह रही कि एयरबैग खुलने के चलते बड़ा हादसा टल गया था, लेकिन दोनों कारों में सवार कई लोग घायल हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, बरेली के रहने वाले कुछ युवक मथुरा-वृंदावन घूमने के लिए अपनी कारों से निकले थे। वे गूगल मैप को देखकर जा रहे थे। रास्ते में मथुरा-बरेली हाईवे पर थाना कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के वाहनपुर गांव के पास स्थित निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे का काम पूरा नहीं हुआ था। इतना ही नहीं, हाईवे पर डायवर्सन और चेतावनी के लिए कोई बोर्ड भी नहीं लगा था। दोनों कारें जैसे ही निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर पहुंचीं, तो वह रास्ते में मौजूद गड्ढों में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थीं। हालांकि, कार के एयरबैग के सही समय पर खुलने के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button