दिल दहला देने वाली वारदात, खेलने निकले 14 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या

Delhi दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कोटला गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात हमलावरों ने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पवन प्रेम चंद के रूप में हुई है। छात्र स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पवन रोज की तरह स्कूल से पढ़ाई करके घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने स्कूल की ड्रेस बदली और अपनी मां से खेलने के लिए नीचे जाने की बात कही। उस समय परिवार के किसी भी सदस्य को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके बच्चे के साथ ऐसी घटना हो जाएगी। मृतक के एक परिजन ने बताया कि पवन घर से खेलने के लिए निकला था। कुछ देर बाद एक अन्य बच्चा दौड़कर उनके पास आया और बताया कि पवन को किसी ने चाकू मार दिया है और वह गली में पड़ा हुआ है। यह सुनते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।

परिजन जब गली में पहुंचे तो उन्होंने पवन को बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। बच्चे की ऐसी हालत देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। इस घटना में पवन की जान चली गई। परिजन ने बताया, ”बच्चा स्कूल से घर आया था। कपड़े बदलने के बाद उसने अपनी मां से कहा कि वह नीचे खेलने जा रहा है। कुछ देर बाद एक बच्चे ने आकर बताया कि पवन को चाकू मार दिया गया है। जब हम गली में पहुंचे तो वह बेहोश पड़ा हुआ था।’ घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र पर हमला किस वजह से किया गया। वारदात में कितने हमलावर शामिल थे और उनका छात्र से किसी प्रकार का विवाद था या नहीं, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। महज 14 साल की उम्र में बच्चे की हत्या ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्कूल से लौटकर खेलने निकले बच्चे की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button