बिलासपुर पुलिस रेंज की अपराध समीक्षा बैठक

Bilaspur. बिलासपुर। वर्ष 2025 के समापन से पूर्व पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा बिलासपुर रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक ली गई। यह बैठक 3 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई, जिसमें मुख्य रूप से जिले के थानों में लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतें, विभागीय जाँच एवं अन्य अनसुलझे प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में डॉ. शुक्ला ने 31 दिसंबर 2025 तक सभी लंबित प्रकरणों के समाधान का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि थानों में
महिलाओं
और बच्चों से संबंधित मामलों में तुरंत संज्ञान लिया जाए और विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त अन्य गंभीर अपराधों की विवेचना सतत की जाए ताकि यथाशीघ्र उसका निष्पादन किया जा सके। बैठक में नवीन कानूनों के तहत विभिन्न पोर्टलों की समीक्षा की गई, जिनमें ई-साक्ष्य, ई-संमस, नेटग्रिड, क्राइमेक, समन्वय पोर्टल, आई.ओ. मितान और एनसीसीआरपी पोर्टल शामिल हैं। जिलों द्वारा इन पोर्टलों पर की जा रही कार्यवाही की जानकारी साझा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई, पशु तस्करी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस के प्रकरणों में जप्त वाहनों को राजसात कराने का निर्देश भी बैठक में दिया गया।संपत्ति संबंधी अपराधों की रिपोर्ट का त्वरित पंजीयन और अपहृत संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया गया। चोरी के अपराधों में टीम बनाकर कार्रवाई करने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में अवैध शराब की डिमांड एवं सप्लाई पर सतत निगरानी रखने और संगठित जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। जप्त मादक पदार्थों का नष्टिकरण 31 दिसंबर 2025 के पहले किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, थानों में बीट पुलिसिंग की समीक्षा कर इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन प्रकरणों को वर्ष समाप्ति से पूर्व निपटाने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने का विशेष बल दिया। किसी भी अनुशासनहीनता पर
त्वरित कार्रवाई
करने का निर्देश भी बैठक में शामिल किया गया। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों को और अधिक जिम्मेदार बनाते हुए नियमित टास्क देने एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, पुलिस अधीक्षक रायगढ़ दिव्यांग पटेल, पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंजनेय वार्ष्णेय, पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सुरजन राम भगत, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा उमेश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली नवनीत कौर छाबड़ा और रेंज कार्यालय बिलासपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह उपस्थित रहे।Source link

