#Social

प्रदेश भर में निकलेंगी कांग्रेस की संविधान बचाओ रैलियां


Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ‘संविधान बचाओ रैली का आयोजन करेगी। प्रदेश स्तर पर इस तरह की रैली की जाएगी जिसका शेड्यूल मंगलवार को होने वाली बैठक में तय किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन कहां पर होगा और इसमें भीड़ जुटाने के लिए क्या टारगेट रहेगा, इसे भी तय किया जाएगा। इसके साथ हाइकमान से भी नेताओं को इस रैली में बुलाया जाएगा। वहीं, जिला स्तर पर और ब्लॉक स्तर पर इस तरह की रैलियों का

आयोजन किस-किस तारीख को होगा, यह निर्णय भी लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को इस संबंध में निर्देश दिए हैं और कहा है कि अहमदाबाद के अधिवेशन में संविधान बचाओ रैलियों के आयोजन की रणनीति बनी है जिसका पूरा शेड्यूल तय करके बताएं। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की जो बैठक होगी, उसमें सभी नेताओं से इसपर मंत्रणा की जाएगी। खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके कैबिनेट मंत्री, सरकार के सभी विधायक, पूर्व में चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार भी यहां रहेंगे, जिनसे बात की जाएगी।

इन सभी से उनके जिलों में रैलियां करने को लेकर सलाह होगी और उनसे तारीख पूछी जाएगी तथा साथ ही जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर रैलियों का आयोजन किस तरह से किया जाएगा, इसकी भी विस्तार से रणनीति बनेगी। अभी कांग्रेस के पास जिला अध्यक्ष नहीं है, लिहाजा चुनाव लडऩे वाले नेताओं पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। वे देखेंगे कि उनके यहां पर किस तरह से रैली को सफल बनाया जाए। इससे पूर्व सरकार और संगठन मिलकर एक बड़ी रैली का आयोजन करेंगे और पूरी उम्मीद है कि उस प्रदेश स्तरीय रैली में हाइकमान से बड़े नेता यहां पर पहुंचेंगे। हो सकता है कि उस रैली में खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

मल्लिकार्जुन खडग़े यहां पर आएं। उनके अलावा दूसरे किसी बड़े नेता को भी जिम्मेदारी दी जा सकती है। अहमदाबाद में कांग्रेस पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि पूरे देश में कांग्रेस इस तरह की संविधान बचाओ रैलियां करेगी। सभी प्रदेशों में इस तरह की रैलियां की जाएंगी और इनके माध्यम से कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी में है। केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ हरेक राज्य में कांग्रेस ऐसी रैलियां करके एक माहौल बनाने की तैयारी कर रही है। हिमाचल में भी नेताओं को इन रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए एक बड़ा टारगेट दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button