बिलासपुर में सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur. बिलासपुर। जिले के मोपका क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। वहीं, मामले में शामिल मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामला चौकी मोपका क्षेत्र का है। रामकृष्ण नगर मोपका निवासी प्रार्थिया रिंकी सेन ने 12 जून 2026 को चौकी मोपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 10 जून 2026 की दरम्यानी रात उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घर में घुस गए और सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी कर ले गए।

प्रार्थिया के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 878/26 दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर संदेही मोहित ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी मोहित ध्रुव ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने उसे घर के बाहर खड़ा किया था और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी थी। इसके बदले मुख्य आरोपी ने उसे 15 हजार रुपये नगद दिए थे। आरोपी मोहित ने बताया कि इनमें से 14 हजार रुपये उसने खर्च कर दिए हैं।

पुलिस ने आरोपी मोहित ध्रुव के कब्जे से 1 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। अपराध में संलिप्तता और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित ध्रुव (20 वर्ष), पिता पुनीत, निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही चोरी गए जेवर और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी के पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम द्वारा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए बंद कर कहीं जाने पर आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button