रायपुर सेंट्रल जेल में नवरात्रि का भव्य आयोजन, 802 बंदियों ने रखा व्रत

प्रतिमाओं की अनूठी कला और पूजा का आयोजन
जेल के मूर्तिकार बंदियों ने अपनी कला का कमाल दिखाते हुए मिट्टी से मां दुर्गा की तीन सुंदर प्रतिमाएं तैयार की हैं। इनमें से एक प्रतिमा महिला प्रकोष्ठ में और दो प्रतिमाएं पुरुष प्रकोष्ठ में स्थापित की गई हैं। पूजा पंडाल को फूलों, रंगोली और दीपों से सजाया गया है, जिससे जेल परिसर मंदिर जैसी आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया है।
बंदियों का व्रत और संकल्प
इस धार्मिक उत्सव में महिला प्रकोष्ठ की 31 बंदियों ने तीन दिन का व्रत और 49 बंदियों ने नौ दिन का व्रत रखा है। वहीं, पुरुष प्रकोष्ठ के 722 बंदियों ने भी नौ दिन का व्रत संकल्पपूर्वक शुरू किया है। जेल प्रशासन ने बंदियों की सुविधा के लिए पूजन सामग्री और फलाहार की विशेष व्यवस्था की है। इसमें दूध, केला, फल्ली दाना और गुड़ शामिल हैं, ताकि व्रत और पूजा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
जेल परिसर में प्रतिदिन मां दुर्गा की स्तुति में भजन-कीर्तन और दुर्गा सप्तसती का पाठ किया जा रहा है। इसके साथ ही बंदियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं, जिससे यह धार्मिक आयोजन और भी जीवंत बन गया है। सामूहिक पूजा और भक्ति ने जेल के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया है।
जेल अधीक्षक का संदेश
जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने इस आयोजन को लेकर कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम बंदियों को मानसिक शांति, आंतरिक शक्ति और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रि का यह पर्व जेल में आस्था, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का संगम बन गया है।
जेल जीवन पर सकारात्मक प्रभाव
रायपुर केंद्रीय जेल में नवरात्रि का यह आयोजन धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव और मानसिक सुधार का संदेश भी देता है। मां दुर्गा की भक्ति में लीन होकर बंदी अपने मन को शांत कर रहे हैं और नई शुरुआत की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। जेल प्रशासन का यह प्रयास बंदियों के सामाजिक और मानसिक पुनर्वास में भी सहायक माना जा रहा है।
Source link



