#Social
लमन-अभिज्ञ बैंड की धुनों पर थिरका पालमपुर

पालमपुर। राज्य स्तरीय होली महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में युवा गायक कुमार साहिल ने हिंदी और पंजाबी गाने पेश किए तो लमन और अभिज्ञ बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने होली मेले को नया रंग प्रदान किया। लमन बैंड की टीम ने हिंदी और पहाड़ी संगीत को आधुनिक अंदाज में पेश किया। गायक अभिषेक बिष्ट और साथियों ने शिव कैलाशों के वासी, धौलीधारों के राजा के सहित अनेक गीतों से पूरा माहौल सुरमयी कर दिया। अभिज्ञ बैंड की टीम ने भी एक के बाद एक शानदार गाने पेश कर सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।
युवा गायक कुमार साहिल ने तू मुझे कबूल, तू ता फेर जट्ट दा प्यार गोरिये, गड्डी विच बेस चलदा, ओम देवा देवा, इलाही मेरा जी, तेनू मैं लव करदा, सूरज डूबा है यारों और डायमंड दी झांझर आदि गीतों से मैदान में मौजूद लोगों को नाचने के लिए मजबूर कर दिया। प्रमुख कलाकारों के मंच पर आने से पहले स्थानीय कलाकारों ने भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शशि चैहान, असीम शर्मा और विजय प्रधान मंच संचालन कर रहे हैं।




