#Social
लापता चीफ इंजीनियर का शव बरामद, दस मार्च से थे गायब

Bilaspur. बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड शिमला (इलेक्ट्रिकल) के महाप्रबंधक विमल नेगी का शव बिलासपुर की गोबिंदसागर झील में मिला है। पुलिस ने शव को बिलासपुर जिला के तहत झंडूता क्षेत्र के पपलोआ के गाह में बरामद किया है। पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विमल नेगी दस मार्च को लापता हुए थे, जिसके चलते परिजनों द्वारा इसकी शिकायत भी पुलिस में दर्ज करवाई थी। विमल नेगी की तलाश को लेकर परिजनों की ओर से एक लाख रुपए का इनाम रखा था। परिजन सीएम से भी मिले थे। सीएम ने भी पुलिस को इस मसले को लेकर निर्देश दिए थे। लापता इंजीनियर का कई दिनों तक कोई भी पता नहीं
चल पाया।
अंतिम बार विमल नेगी को बिलासपुर जिला के घुमारवीं में कंदरौर पुल के नजदीक देखा गया था। बताया जा रहा है कि बिमल नेगी पिछले करीब छह माह से मानसिक रूप से काफी परेशान थे, लेकिन अचानक ही लापता हो गए थे। पुलिस द्वारा विमल नेगी को ढूंढने के लिए घुमारवीं व आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फिर भी कोई पता नहीं चल पाया। मंगलवार को गोबिंदसागर झील में किसी की नजर एक शव पर पड़ी, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव की पहचान इंजीनियर विमल नेगी के रूप में की गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डीएसपी हैडक्वार्टर मदन धीमान ने बताया कि लापता हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड शिमला (इलेक्ट्रिकल) के महाप्रबंधक विमल नेगी का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।



