#Social
विमल नेगी केस में राजनीति कर रहे जयराम

Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को खुद जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर हर दिन विमल नेगी मौत पर राजनीति कर रहे हैं। विमल नेगी की मौत पर हम भी दुखी हैं और उनके परिवार के साथ खड़े हैं। जो उन्होंने कहा था कि एफआईआर करनी है, वह हमने कर दी। इसके अलावा हमारी सरकार ने एसआईटी गठित की। सीएम ने कहा कि राजनीति करने के बजाय जयराम ठाकुर को चाहिए कि जब सीबीआई इंक्वायरी शुरू हो गई है, तो यदि आपके पास विमल नेगी केस से संबंधित कोई कागजात हैं, तो उन्हें सीबीआई को दीजिए। आपकी पार्टी के पास जो सबूत हैं, उन्हें भी
सीबीआई को दें।
किसी भी व्यक्ति या पत्रकार के पास कागजात हैं, तो वह उन्हें सीबीआई को दे। विमल नेगी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। हमारी सहानुभूति उनके साथ है। हमने जो एसआईटी गठित की थी, उसकी रिपोर्ट भी दी गई है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि विमल नेगी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। इस न्याय के लिए हम सीबीआई को पूरा सहयोग देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर को राजनीतिक फोबिया हो गया है। वह अपनी राजनीति करने के लिए इस प्रकार की बात कर रहे हैं। उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। मौत पर राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। हम जब न्याय की लड़ाई लड़ते हैं, उस समय आपको यह देखना है कि हमें इसे कैसे आगे बढ़ाना है। हम जयराम ठाकुर को यह कहना चाहते हैं कि प्रैस वार्ता की जगह सीबीआई का सहयोग करना चाहिए।



