सलमान, अक्षय और अजय सहित 38 फिल्मी सितारों पर केस दर्ज, जानिए क्या है मामला

Case filed against 38 film stars including Salman, Akshay and Ajay, know what is the matter

मुंबई. बॉलीवुड के कई बड़े सितारे फिल्मों के अलावा भी कई दूसरी चीजों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सलमान खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन सहित 38 फिल्मी सितारों पर केस दर्ज हो गया है. इन सितारों में दक्षिण भारतीय के फिल्मी कलाकार भी शामिल हैं. ये केस दिल्ली के एक वकील ने दर्ज कराया है. मामला दरअसल साल 2019 से जुड़ा हुआ है.

बता दें कि आज से दो साल पहले हैदराबाद में एक जघन्य रेप केस हुआ था. इस रेप केस में 4 लोगों ने एक सड़क पर स्कूटी से जा रही लड़की को अगवा कर, गैंगरेप किया था. इसके बाद उस पीड़ित लड़की को जिंदा जला दिया गया था. इस खबर के सामने आने के बाद से पूरे देश में हंगामा खड़ा हो गया था. लोगों ने सोशल मीडिया में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई थी. सोशल मीडिया में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कैंपेन भी चलाया गया था.

जिसके बाद इस मामले पर कई फिल्मी हस्तियों ने भी इस रेप केस को लेकर सोशल मीडिया में अपनी राय रखी थी. इन कलाकारों में बॉलीवुड के साथ कई बड़े दक्षिण भारतीय फिल्मों से जुड़े कलाकार भी शामिल थे. अपने विचार लोगों के सामने रखते हुए इन सितारों ने एक गलती कर दी थी. उन्होंने नाराजगी और दुख जताते हुए पीड़िता की पहचान को उजागर कर दिया था.

वहीं, भारतीय कानून के मुताबिक रेप केस पीड़िता की पहचान को उजागर करना एक जुर्म है. ऐसा करने पर नियम सम्मत सजा का प्रावधान है. इसी को लेकर दिल्ली के एक वकील गौरव गुलाटी ने बॉलीवुड समेत दक्षिण भारत के कुल 38 फिल्मी सितारों के खिलाफ केस दर्ज कराया है.

इन सितारों पर दर्ज हुआ केस

इस मामले में जिन बड़े सितारों पर केस दर्ज हुआ है, उनमें अजय देवगन, अक्षय कुमार, सलमान खान, अनुपम खेर, रकुलप्रीत सिंह और फरहान अख्तर जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन सितारों के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों के कलाकारों को मिला कर कुल 38 फिल्मी सितारों पर भी केस दर्ज हुआ है.

कौन है केस दर्ज कराने वाला वकील

दिल्ली के जिस वकील ने इन सितारों के खिलाफ केस दर्ज कराया है, उसका नाम गौरव गुलाटी है. गौरव ने सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 228A के तहत केस दर्ज कराकर, तीस हजारी कोर्ट में याचिका दायर की है.

गौरव गुलाटी ने इस मामले में कहा है कि ये सितारे आम लोगों के लिए एक मिसाल होते हैं. लेकिन ये सितारे खुद पीड़िता की पहचान उजागर कर रहे हैं. गौरव ने याचिका दाखिल करते हुए इन सितारों को गिरफ्तार करने की मांग की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button